कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लाखों लोगों ने मान्यता के चलते गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। बिजनौर में विदुर कुटी के पास लगे गंगा मेले में कार्तिक पूर्णिमा के दिन आठ लाख से ज्यादा लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई। जिलेभर में एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर गंगा स्नान मेला लगा था। इसमें विदुरकुटी पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। अकेले यहीं पर तीन लाख से ज्यादा लोग गंगा के किनारे तंबुओं के शहर में आकर रुके और मंगलवार की सुबह कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान किया। हर ओर हर हर गंगे की जयकारे गूंज उठे।
हालांकि गंगा में स्नान करने के बाद श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर वापस लौटने लगे। वहीं गंगा की रेती में बसी तंबुओं की नगरी एक बार फिर वीरान सी नजर आने लगी है। पिछले तीन दिनों से गंगा के किनारे रंग-बिरंगी लाइट और लाखों श्रद्धालुओं से सराबोर हो रहा मेला फीका पड़ता नजर आने लगा।