उत्तर प्रदेश के बिजनौर में कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर नांगलसोती के गंगाघाट पर लगने वाले गंगा स्थान मेले का उद्घाटन आज किया जाएगा। मेला कमेटी की ओर से स्नान मेले की तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं। नांगलसोती गंगा घाट पर उत्तराखंड के बाद यूपी की सीमा में लगने वाला पहला गंगा स्नान मेला है। मेले में गांव हरचंदपुर, मायापुरी, शहजादपुर, जीतपुर, खानपुर, नांगलसोती सहित दूरदराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मेला समिति के संरक्षक मो. फरमान ने बताया कि गंगा घाट पर पहुंचने वाले मार्ग पर सरकंडे बिछाकर समतल करा दिया गया है। रविवार को मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह गंगा आरती के साथ मेले का शुभारंभ करेंगे। मेला कमेटी के अध्यक्ष मुन्ने खां ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, भारतीय किसान यूनियन की ओर से शिविर लगाए जाएंगे। आज से स्नान मेले में दुकानें लगनी शुरू होंगी। नांगलसोती थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा। गोताखोरों की टीम का शिविर गंगाघाट के नजदीक ही बनाया जाएगा।