मेरठ न्यूज
दिल्ली पुलिस हथियार सप्लायर फुरकान की तलाश में लगी थी। मुखबिर की सूचना पर सोमवार रात एएसपी कैंट सतपाल सिंह, सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला, इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट रघुराज सिंह, क्राइम ब्रांच प्रभारी जयवीर सिंह और दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम के प्रभारी शिवकुमार सिंह व उनकी टीम ने लिसाड़ी गेट के सुहेल गार्डन में चेकिंग शुरू कर दी। तभी एक्टिवा पर फुरकान निवासी लखीपुरा और समीर उर्फ मेंढक निवासी गोलाकुआं लिसाड़ी गेट निकले थे। पुलिस ने उनको रुकने का इशारा किया था। जिस पर दोनों युवकों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में समीर उर्फ मेंढक के पैर में पुलिस की गोली लगी।गोली लगते ही समीर जमीन पर गिर पड़ा। खुद को घिरा देखकर फुरकान ने दोनों हाथ ऊपर करके शोर मचा दिया। पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। घायल समीर को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि दोनों सप्लायरों पर दिल्ली से एक-एक लाख का इनाम था। मेरठ पुलिस ने भी दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम किया हुआ था।