फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में खोखले दावे और ताबड़तोड़ हत्याएं: कहीं भाजपा नेता तो कहीं राष्ट्रीय खिलाड़ी का मर्डर, देखें चार हत्याओं की दर्दनाक तस्वीरें

Sat, 11 Sep 2021 05:35 PM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
1 of 9
बागपत में भाजपा नेता की हत्या का मामलाय़ - फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भले ही बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं लेकिन, जमीनी हकीकत कुछ और ही है। इसका अंदाजा आप इन चार वारदातों से लगा सकते हैं। पश्चिमी यूपी में 24 घंटे के भीतर ताबड़तोड़ चार हत्याएं हो गईं। ऐसे में पुलिस अफसरों के दावों की पोल खुलकर भी सामने आ रही हैं। जहां बागपत में भाजपा नेता तो वहीं बिजनौर में खो खो की राष्ट्रीय खिलाड़ी की हत्या कर डाली। शामली में मोटर मैकेनिक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई। वहीं मुजफ्फरनगर में एक युवक की हत्या के बाद शव को मकान में लटका दिया गया। आगे चारों हत्याओं के बारे में विस्तार से पढ़िए।

हत्या - 1
बागपत में भाजपा नेता की हत्या

उत्तर प्रदेश गन्ना शोध संस्थान के पूर्व उपाध्यक्ष और जनता वैदिक इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. आत्माराम तोमर (75) की गुरुवार को तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद हत्यारोपी उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी भी अपने साथ ले गए। उनके पुत्र ने गैस एजेंसी पर काम करने वाले रिश्तेदार और उसके एक दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन

2 of 9
बेड पर पड़ी मिली लाश - फोटो : amar ujala
बागपत में गांव बिजरौल निवासी डॉ. आत्माराम तोमर करीब 25 वर्ष से बिजरौल रोड स्थित मकान में रहते थे और 1996 में छपरौली विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े थे। उनका एक पुत्र अरविंद अमेरिका में इंजीनियर है। डॉ. आत्मराम की पत्नी शकुंतला देवी भी उसके पास अमेरिका में रहती हैं। दूसरे पुत्र डॉ. प्रताप तोमर मेरठ में रहते हैं। डॉ. आत्माराम तोमर घर में अकेले रहते थे। डॉ. प्रताप ने उनका फोन रिसीव नहीं होने पर पास में ही रह रहे चालक विजय को गुरुवार रात घर भेजा। विजय ने तीन छात्रों की मदद से करीब 11 बजे कमरे का ताला तोड़ा तो डॉ. आत्माराम तोमर का शव बेड़ पर पड़ा था। उनके चेहरे पर तौलिया लिपटा था और कान से खून बह रहा था। चेहरे व हाथ पर चोट के निशान थे। वहां से आई फोन, इनोवा कार की चाबी भी गायब थी।
विज्ञापन

3 of 9
मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। - फोटो : amar ujala
विजय ने इसकी जानकारी पुलिस, डॉ. प्रताप ओर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कुलप्रकाश को दी। सूचना पर सीओ आलोक सिंह, कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉ. प्रताप पत्नी नेहा व बच्चों के साथ रात में करीब एक बजे पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने सामने वाले मकान की सीसीटीवी फुटेज देखी। इससे पता चला कि गैस एजेंसी पर काम करने वाले रिश्तेदार मुजफ्फरनगर के सोंटा गांव निवासी प्रवीण ने अपने साथी सांकलपुट्ठी निवासी बलराम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि प्रवीण को कुछ समय पहले एजेंसी से हटा दिया था। उसे दोबारा रख लिया था। इसके बावजूद वह डॉ. आत्माराम तोमर से रंजिश रखे हुए था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

डॉ. आत्माराम तोमर की छोटी पुत्रवधू के चाचा प्रवीण ने अपने दोस्त बलराम के साथ मिलकर वारदात की है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। एजेंसी से हटाने के कारण वह डॉ. आत्माराम से रंजिश रखे हुए था। इसलिए हत्या करने की जानकारी सामने आ रही है। - नीरज कुमार जादौन, एसपी बागपत

4 of 9
खेल शिक्षिका की हत्या,player murder, murder in Bijnor - फोटो : अमर उजाला
हत्या - 2

साक्षात्कार देने जा रही राष्ट्रीय खिलाड़ी को गला घोंटकर मारा


बिजनौर शहर में रेलवे स्टेशन के सामने और कोतवाली शहर से मात्र 300 मीटर की दूरी पर खो खो की नेशनल खिलाड़ी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। दुपट्टे से उसका गला दबाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। दुष्कर्म के बाद या दुष्कर्म की कोशिश का विरोध करने पर उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई।
विज्ञापन

5 of 9
खेल शिक्षिका की हत्या,player murder, murder in Bijnor - फोटो : अमर उजाला
रेलवे स्टेशन के पास स्थित सर्वोदय कॉलोनी निवासी युवती शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे अपने सारे कागज लेकर इंटरव्यू देने के लिए निकली थी, दोपहर तक घर नहीं लौटी। दोपहर करीब दो बजे उसकी ताई रीता जब किसी काम से रेलवे स्टेशन सामने रखे स्लीपर गार्डर के बीच से होकर निकल रही थी तो उसे किसी के कराहने  की आवाज सुनाई दी। उसने पास जाकर देखा तो युवती वहां लहुलूहान हालत में पड़ी थी। उसके कपड़े अस्तव्यस्त थे। परिजनों की माने तो तब तक लग रहा था कि उसकी सांस चल रही है, वह उसे बीना प्रकाश अस्पताल ले आए। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसकी नाक से खून बह रहा था और एक दांत टूटा हुआ था। घटना स्थल पर डॉग स्क्वायड की टीम ने जांच की। कोतवाली शहर पुलिस मामला जीआरपी पुलिस के क्षेत्र का होने के चलते ज्यादा कुछ बताने से बचती नजर आई।
विज्ञापन

6 of 9
खेल शिक्षिका की हत्या,player murder, murder in Bijnor - फोटो : अमर उजाला
परिजनों ने बताया कि वह 2016 में वह खो-खो में बिहार टीम की ओर से महाराष्ट्र में नेशनल खेल चुकी है। इसके अलावा वर्धमान कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वह इंटर यूनिवर्सिटी भी खेल चुकी है। वह इस समय पौड़ी गढ़वाल यूनिवर्सिटी से बीपीएड कर रही थी। एसपी बिजनौर डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामला जीआरपी थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलने पर कोतवाली शहर पुलिस मौके पर गई थी। रेलवे स्टेशन के पास यह हत्या हुई है।
विज्ञापन

7 of 9
युवक का फाइल फोटो और विलाप करते परिजन। - फोटो : amar ujala
हत्या - 3

शामली के बनत में मोटर मैकेनिक की हत्या 


शामली के बनत में पुरानी रंजिश में आठ हमलावरों ने मोटर मैकेनिक का काम करने वाले युवक की हत्या कर दी। आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से भी वार किए। मृतक और आरोपी अलग-अलग वर्ग के होने के कारण दोनों पक्षों में तनाव बना है। परिजनों की तरफ से आठ आरोपियों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सात आरोपी फरार हैं।

कस्बा बनत के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी समीर (24) झिंझाना रोड पर स्थित मोटर एजेंसी पर मैकेनिक का काम करता था। गुरुवार शाम करीब छह बजे वह बस से घर लौट रहा था। जब वह बनत में मुख्य स्टैंड पर बस से उतरा, तो वहां पर पहले से खड़े युवक से उसका हाथ टच हो गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपियों ने समीर को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने समीर को सड़क पर पटक पटकर मारा। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से वार किए। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए।

8 of 9
विलाप करते परिजन। - फोटो : amar ujala
परिजन घायल युवक को लेकर थाना आदर्श मंडी पहुंचे। इसके बाद उसे सीएचसी शामली में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते समीर को जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। मुजफ्फरनगर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवक की हत्या की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक व आरोपी पक्ष अलग-अलग वर्ग के होने के कारण दोनों पक्षों के बीच तनाव बन गया। 

एसपी सुकीर्ति माधव ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मृतक के ताऊ आदिल की तरफ से कस्बे के वतनराज, वरदान, अक्षय, राज, आशीष, लक्की, चिंटू उर्फ आयुष राणा और भोन्दा के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। 

एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपियों के साथ समीर का पूर्व में भी विवाद हुआ था। इसे लेकर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। जिसमें उसको गंभीर चोट आई। सीएचसी से हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस घटना के मुख्य आरोपी वरदान को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार सात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन

9 of 9
मुजफ्फरनगर पुलिस। - फोटो : amar ujala
हत्या - 4
युवक की हत्या कर शव घर में लटकाया 


मुजफ्फरनगर में छपार क्षेत्र के गांव दतियाना में शहर की बचन सिंह कॉलोनी से अपने पैतृक घर में आए युवक की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी। हत्यारोपियों ने शव को उसी के घर में फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

थाना क्षेत्र के गांव दतियाना निवासी पीयूष उर्फ बब्बू का पूरा परिवार काफी समय से शहर के नई मंडी क्षेत्र की बचनसिंह कॉलोनी में रहता है। गांव में उनका पैतृक घर है, जहां परिवार का कोई भी सदस्य कभी-कभी देखभाल के लिए आ जाता था। पीयूष ने तहरीर देकर बताया कि गुरुवार सुबह उसका भाई हिमांशु उर्फ विक्की (22) घर की देखभाल के लिए दतियाना गया था। शाम तक भी वह बचन सिंह कॉलोनी नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन फोन आउट ऑफ रेंज आता रहा।

देर रात परिजनों ने गांव के एक पड़ोसी को हिमांशु को देखने अपने घर भेजा। जहां उसका लहूलुहान शव घर में छत के कुंडे से फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर परिजन तत्काल गांव में पहुंचे, जिसकी बाद पुलिस को भी सूचना दी गई। युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई थी। उसके सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। उसके हाथ और पैर भी रस्सी से बांधे गए थे। 

घटनाक्रम से स्पष्ट था कि हिमांशु की हत्या करने के बाद उसके शव को फांसी के फंदे पर लटकाया गया था। मौके पर जली हुई बीड़ियां पड़ी मिलीं, जबकि वह बीड़ी नहीं पीता था। पूछताछ में पीयूष ने किसी से भी रंजिश या झगड़ा होने से इंकार किया। पीयूष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीओ सदर कृष्ण कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवक की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया जाना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें