फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

हादसे की दर्दनाक तस्वीरें: खून से लाल हुआ हाईवे और मची चीख-पुकार, पांच की मौत से मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

Tue, 05 Oct 2021 12:20 AM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
1 of 7
accident on delhi-meerut expressway, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर हादसा - फोटो : अमर उजाला
मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा हुआ। एक्सप्रेसवे पर खराब खड़े ट्रक में दिल्ली की ओर से आ रही ब्रेजा गाड़ी पीछे से घुस गई। गाड़ी में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सिर्फ सात महीने का एक बच्चा बचा है। पीछे से परिवार के लोग दूसरी गाड़ी में आ रहे थे, जिन्होंने यह हादसा देखा। परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना के आधे घंटे बाद परतापुर पुलिस पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा।

कार के उड़े परखचे, शव निकालने में लगा एक घंटा
चालक को झपकी लगते ही पांच लोगों के खून से एक्सप्रेसवे लाल हो गया है। कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि शवों को निकालने में करीब एक घंटा लग गया। घटनास्थल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक कोहराम मचा रहा। 

पांच की मौत से पसरा मातम
सड़क हादसे में पांच की मौत से परिवार ही नहीं बल्कि मोहल्ले में भी मातम पसरा रहा। हादसे में मरने वाले सभी आपस में नाते-रिश्तेदार थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदार मेरठ रवाना हो गए। देर शाम तक मृतकों के शव घर लाए जाने का इंतजार किया जाता रहा। उधर, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

2 of 7
accident on delhi-meerut expressway, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर हादसा - फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के मोहल्ला मिर्दगान निवासी जहीर के घर पर सवेरे से ही आस पड़ोस के लोगों का तांता लगा रहा। घर में रिश्तेदार आए, लेकिन मेरठ के लिए रवाना हो गए। बता दें कि जहीर को सऊदी अरब, उसके बेटे जैद और भतीजे उजैफा को दुबई जाना था। ये तीनों विदेश में बढ़ई का काम करते हैं। इन्हें एयरपोर्ट तक छोड़ने के लिए जहीर का दामाद ताजिम निवासी मालीवाला कोतवाली देहात अपनी गाड़ी लेकर आया। ताजिम के साथ उसकी बीबी अल्मास और सात माह का बच्चा उमेर भी था। दो गाड़ियों से परिवार के 13 लोग एयरपोर्ट गए। वहां से लौटते वक्त मेरठ में ताजिम की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। इस गाड़ी में सवार जहीर के दामाद ताजिम, बेटी अल्मास पत्नी ताजिम, बेटी फाजिला आठ वर्ष, सास नसीमा निवासी कस्सावान और भतीजी जुबैरिया 10 वर्ष पुत्री जमीर की मौत हो गई। परिवार के बाकी लोग कैफ पुत्र जहीर, फारिया पुत्री जहीर, फायजा पुत्री जहीर और गुलशन पत्नी जहीर दूसरी गाड़ी में सवार थे।

3 of 7
accident on delhi-meerut expressway, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर हादसा - फोटो : अमर उजाला
दो साल पहले हुआ था ताजिम का निकाह 
ग्राम इस्लामपुर लालू और मालीवाला निवासी ताजिम का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व बिजनौर के मोहल्ला मिर्दगान निवासी जहीर खान की पुत्री अलमास के साथ हुआ था। ताजीम का सात माह का पुत्र उमेर हादसे में बच गया। वहीं दंपती की मौत का समाचार गांव में पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने के लिए घर पहुंचने लगे। ताजिम की मौत पर उसके भाइयों का रो-रो कर बुरा हाल है।

4 of 7
accident on delhi-meerut expressway दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर हादसा - फोटो : अमर उजाला
मौत खींच कर ले गई
ताजिम के भाई दिलशाद की पुत्री की सोमवार को मंगनी थी। ताजिम ने दिल्ली एयरपोर्ट पर जाने की बात कही तो परिजनों ने बहुत मना किया, लेकिन ताजिम ने सोमवार सुबह जल्दी लौट कर आने की बात कही और घर से चला गया। मंगनी की खुशियां ताजिम और उसकी पत्नी अलमास की मौत के साथ ही मातम में बदल गईं। परिजनों के अनुसार ताजिम का सात माह का पुत्र उमेर भी मेरठ में अस्पताल में भर्ती है। उसके नाक और मुंह से खून आ रहा है।

5 of 7
accident on delhi-meerut expressway, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर हादसा - फोटो : अमर उजाला
ब्रेजा गाड़ी ताजिम चला रहे थे। सुबह के 6:40 बजे थे। अंदेशा है कि ताजिम को नींद की झपकी लगी और गाड़ी ट्रक में घुस गई। बताया गया कि रात में बिजनौर से ताजिम ही गाड़ी चलाकर ले गए थे। तीन घंटे दिल्ली हवाई अड्डे पर रुके और फिर वापस चल दिए। बातचीत होने के चलते ताजिम सोये नहीं थे। कार में बच्चे समेत छह लोग थे। टक्कर होते ही चीख पुकार मची तो एक्सप्रेसवे पर भीड़ लग गई। लोग तमाशबीन खड़े थे, तभी दिल्ली की ओर से दूसरी गाड़ी आ गई, जिसमें से गुलशन उतरी। गुलशन ने चीखकर बताया कि गाड़ी में उसकी बेटी और दामाद समेत कई लोग हैं। तब जाकर लोगों ने क्षतिग्रस्त गाड़ी से शव निकालने शुरू किए। एक घंटे बाद पुलिस भी आ गई। सभी शव खून से लथपथ थे।
विज्ञापन

6 of 7
accident on delhi-meerut expressway, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर हादसा - फोटो : अमर उजाला
घटनाक्रम
1- सोमवार 6 बजकर 40 मिनट : दिल्ली की ओर से आ रहे कैंटर का टायर फटने से हाईवे पर पलटा। कई लोग चपेट में आने से बचे।
2- 6 बजकर 50 मिनट : एसेंट कार पहुंची।
3- 7:05 बजे : जीआर इंफ्रा की टीम पहुंची।
4- 7:30 बजे : परतापुर पुलिस आई।
5- 7: 38 बजे : बच्चे को जिला अस्पताल भेजा।
6- 10:30 बजे : पांचों शव पोस्टमार्टम हाउस भेजे। 
7- 11:00 बजे : बिजनौर से पीड़ित परिवार वाले परतापुर थाने पहुंचे।
विज्ञापन

7 of 7
accident on delhi-meerut expressway, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर हादसा - फोटो : अमर उजाला
लगातार खून से लाल हो रहा एक्सप्रेस-वे 
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे जब से वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया है, तब से दर्जनभर हादसे हो चुके हैं, कई लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार दोपहर को ही सोलाना के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी, बाइक सवार मोनू निवासी भोजपुर घायल हो गया। गांव मुरादाबाद के पास दिल्ली की ओर से आ रहे कैंटर का टायर फटने से कैंटर पलट गया। इससे पूर्व कई कारें एक्सप्रेसवे से नीचे 18 मीटर खाई में गिर चुकी है। कई दुपहिया वाहन चालकों की मौत हो चुकी है। निर्माण कंपनी जीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के अफसरों का कहना है कि टोल शुरू होने और पुलिस चेक पोस्ट बनने के बाद ही हादसों पर लगाम लगेगी।
और पढ़ें...
Next
AU ऐप में पढ़ें