कानपुर में सिविल लाइंस और गुमटी क्षेत्र के 10 स्कूल 29 अगस्त से बदले हुए समय से खुलेंगे और बंद होंगे। यह व्यवस्था इन स्कूलों के सामने छुट्टी के समय लगने वाले जाम से निजात के लिए बनाई गई है। जिला प्रशासन के निर्देशन में पिछले दिनों ट्रैफिक और अन्य विभागों की बैठक में यह फैसला लिया गया था।
माना जा रहा है कि इस नई व्यवस्था से लोगों को जाम से राहत मिलेगी। शहर के बाकी स्कूलों में भी यही व्यवस्था जल्द ही लागू की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक की निगरानी में सिविल लाइंस, वीआईपी रोड और गुमटी के आसपास के जिन स्कूलों का समय बदला गया है, उनके पास अपना पार्किंग मैदान नहीं है। बैठक में तय किया गया था कि जिन स्कूलों के पास पार्किंग मैदान है, वे अपने सभी वाहनों को पार्किंग में ही खड़े करेंगे।