कानपुर में पिछले साल की अपेक्षा इस बार मार्च में ज्यादा गरमी पड़ेगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अध्ययन के अनुसार इस बार दूसरे सप्ताह में ही पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि पिछले वर्ष 31 मार्च को अधिकतम तापमान 40 डिग्री था। सर्वे के अनुसार पिछले 122 वर्षों में मार्च महीने का औसत अधिकतम तापमान सर्वाधिक 30.7 डिग्री तक पहुंचा है।
इस बार औसत तापमान चार डिग्री अधिक रहेगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार दूसरे सप्ताह से तापमान तेजी से बढ़ने लगेगा। मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से हल्के बादल रहेंगे व कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है। इस वजह से तापमान में दो डिग्री की कमी आने के आसार हैं। वैसे अधिकतम पारा 30 डिग्री से ऊपर रहेगा।