कानपुर में गोविंद नगर थाना क्षेत्र के गुजैनी सी ब्लॉक में कलयुगी बेटे ने नशे का विरोध करने पर पिता की गला रेतकर हत्या कर दी। यही नहीं सो रहे नाना की हत्या का भी प्रयास किया तो परिजनों की आंख खुल गई। परिजनों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने नाना व मां के सिर पर सरिये से वार कर लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आरोपी को गोविंद नगर क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से कानपुर देहात के गजनेर निवासी जीत कुमार (55) ठेकेदारी करता था। वह पत्नी सुमन, बेटे निखिल व अखिल के साथ गुजैनी सी ब्लॉक निवासी अपने ससुर राम भरोसे के घर पर रहता था। निखिल इंटर की पढ़ाई करने के बाद घर पर रहता था। अखिल कक्षा 11 का छात्र है। सुमन ने बताया कि बेटा निखिल शराब का लती था और मनोरोगी भी था।