फतेहपुर जिले में महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं के साथ बुधवार तड़के हुए हादसे को सोचकर ही लोगों की रूह कांप रही है। हादसा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था, जिसमें चालक की मौत के बाद वाहन हाईवे पर दौड़ रहा है। दुर्घटना के करीब 12 मिनट तक सवार श्रद्धालुओं की सांसें मिनी बस में छटपटाती रहीं। घायल श्रद्धालुओं को लग रहा था कि उन्हें मौत खींचकर ले जा रही है, अब तो जिंदगी भगवान के भरोसे ही है।
ट्रॉला से भिड़ने के बाद चालक समेत चार की मौत हो गई। मिनी बस का आगे का बंपर व अन्य हिस्सा ट्रॉला के पीछे फंस गया। धमाके की आवाज आई। सभी यात्री एक दूसरे पर गिरे। किसी का सिर और किसी की नाक टकराई। चीख पुकार मच गई। घायल श्रद्धालु अनूप कुमार झा ने बताया कि हादसे के चंद सेकंड ही बीते थे कि अचानक उनकी मिनी बस फिर चल पड़ी।