कानपुर के केशवपुरम में मोबाइल कारोबारी के यहां पड़ी डकैती पूरी रैकी के बाद बड़े ही शातिर ढंग से डाली गई। बदमाशों को पता था कि घर में कोई मर्द नहीं है। कारोबारी कमलेश शाम सात बजे दोबारा जब दुकान गए, तभी बदमाश मौका पाकर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
उन्हें पता था कि घर में केवल बच्चे और महिला है। ऐसे में आशंका है कि कई दिन से रैकी की जा रही थी। किसी करीबी का भी हाथ हो सकता है। मूलरूप से बस्ती निवासी कारोबारी कमलेश का काकादेव और कल्याणपुर में बाबा कम्यूनिकेशन के नाम से मोबाइल की दुकान है।
शनिवार शाम को वह बच्चों के साथ बहार बैडमिंटन खेल रहे थे। पत्नी के बाजार से आने के बाद कल्याणपुर स्थित दुकान चले गए थे। इसके बाद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। वहीं, डाका डालने वाले बदमाशों के जाने के बाद पत्नी पुष्पा ने करीब पौने नौ बजे खुद को जैसे तैसे बंधन मुक्त किया। इसके बाद दूसरे कमरे में बंधक बने बच्चों को खोला।