यूपी में माफिया और सियासत का गठजोड़ नया नहीं है। पूर्वांचल ने भी देश-प्रदेश को कई ऐसे नेता दिए हैं, जिनकी पहचान पहले बाहुबली और गैंगेस्टर के रूप में रही, मगर बाद में सियासी आकाओं की सरपरस्ती में वह देश-प्रदेश की सर्वोच्च सदन तक पहुंच गए। पूर्वांचल की राजनीति में ऐसा ही नाम है जौनपुर के धनंजय सिंह का।
हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी मांगने के कई मामलों में नामजद किए गए धनंजय सिंह पर कभी पुलिस ने 50 हज़ार का इनाम भी घोषित किया था। एनकाउंटर में मार गिराने के भी दावे हुए, मगर बाद में धनंजय ने सरेंडर करते हुए न सिर्फ उन दावों को झुठला दिया, बल्कि सियासत में पदार्पण करते हुए विधानसभा और लोकसभा तक का भी सफर तय किया।