श्रुति परिवार की अकेली सदस्य हैं, जिन्होंने कला वर्ग को चुनकर इतिहास पढ़ा। जबकि परिवार में सभी विज्ञान से पढ़े हुए हैं। श्रुति के परदादा जिले के नामचीन वैद्य रहे हैं, जबकि दादा भी डॉक्टर रहे हैं। ताऊ और तहेरी बहन डॉक्टर हैं और श्रुति के पापा इंजीनियर। श्रुति ने परिवार में सबसे अलग राह पकड़ी और कला वर्ग को चुन लिया। जिन्होंने इतिहास कुरेद कर सिविल सर्विसेज में सफलता की कुंजी को ढूंढ निकाला।
थाना चांदपुर क्षेत्र के गांव बास्टा निवासी सुनील दत्त शर्मा की बेटी श्रुति शर्मा ने यूपीएससी में टॉप कर अपने परिवार के साथ गांव, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया है। जिस पर चांदपुर में रहने वाले श्रुति के ताऊ डॉ. यज्ञ दत्त शर्मा को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। एसडीएम हिमांशु वर्मा ने भी श्रुति के ताऊ के घर पहुंचकर पूरे परिवार को बधाई दी।