पीलीभीत में बुजुर्ग, युवा व महिलाएं सभी वर्ग के मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाने के लिए सुबह सुबह ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। पोलिंग बूथों पर लंबी-लंबी कतार लग गईं। कोई अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचा तो कोई दोस्तों के साथ। मतदान को लेकर बुजुर्ग मतदाताओं का हौसला जवान दिखा। दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। बता दें कि पीलीभीत की चारों और बरेली की बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र को मिलाकर 1924 बूथों पर मतदान हुआ। 60 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपना सांसद चुनने के लिए वोट डाले। अब चार जून को चुनाव नतीजे आएंगे।