फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली बवाल: 'शोर-शराबा और आगे जाने की जिद...', इसलिए हुआ लाठीचार्ज; मस्जिद तक पहुंचने के लिए अड़ी थी भीड़

Sun, 28 Sep 2025 01:35 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, बरेली

सार

बरेली के बिहारीपुर करोलान में लोगों ने कहा कि जो हुआ गलत हुआ। बैरियर पर एकत्र भीड़ नौमहला मस्जिद तक जाने की जिद पर अड़ी थी। पुलिस उनसे अपने-अपने घर जाने की अपील कर रही थी। फिर भीड़ ने शोर-शराबा, नारेबाजी और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। 
विज्ञापन
1 of 15
bareilly violence - फोटो : अमर उजाला
बरेली के बिहारीपुर करोलान में बवाल के दूसरे दिन शनिवार को आधा-अधूरा बाजार खुला। ग्राहक भी कम रहे। यहां बैठे दुकानदार मीडिया से बात करने से कतराते रहे। बहुत कुरेदने पर बताया कि जो भी हुआ, गलत हुआ। दरअसल ऐसा होता भी नहीं, मगर बैरियर पर एकत्र भीड़ नौमहला मस्जिद तक जाने की जिद पर अड़ी थी। 

पुलिस उनसे अपने-अपने घर जाने की अपील कर रही थी। फिर भीड़ ने शोर-शराबा, नारेबाजी और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कुछ राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए। अगर दोनों ओर से थोड़ा संयम से काम लिया जाता तो टकराव की स्थिति को टाला जा सकता था। 
विज्ञापन

2 of 15
इस्लामिया मार्किट खुला, पसरा रहा सन्नाटा - फोटो : अमर उजाला
इस तरह के बवाल से बचना चाहिए। इससे शहर का माहौल खराब होता है। शनिवार को शहर की स्थिति सामान्य तो दिखी, मगर अफवाहों का बाजार गर्म रहा। सामान्य दिनों के मुकाबले शहर की सड़कों पर लोग कम नजर आए। ऑटो व ई-रिक्शा भी कम दिखे। 
 
विज्ञापन

3 of 15
नौमहला मस्जिद के पास शनिवार को बाज़ार खुला - फोटो : अमर उजाला
बाजारों में भी चहल-पहल कम रही। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे। यह स्थित छोटे-बड़े सभी बाजारों में नजर आई। रोडवेज, इस्लामिया मार्केट, कुमार टाकीज, कुतुबखाना, कोहाड़ापीर, साहूकारा, सिविल लाइंस, सैलानी आदि बाजारों में रौनक कम रही।

4 of 15
दरगाह की गली में सुबह से शाम तक पसरा सन्नाटा - फोटो : अमर उजाला
सौदागरान में सन्नाटा
आला हजरत दरगाह वाले सौदागरान मोहल्ले में बाजार बंद रहा। गलियों में चहल-पहल नदारद रही। पुलिसकर्मियों के बूट की ठक-ठक गूंजती रही। गली के नुक्कड़ से लेकर अंदर दरगाह तक जगह-जगह पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पुलिस की टुकड़िया लगाई गईं थीं। बिहारीपुर रोड की भी ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। चाय, पान, मिठाई और कुछ जनरल व मेडिकल स्टोर खुले दिखे। यहां लोग रोजमर्रा की खरीदारी में जुटे रहे।
 
विज्ञापन

5 of 15
पंडित सुशील पाठक - फोटो : अमर उजाला
मौलाना की गिरफ्तारी पर सीएम योगी का जताया आभार
मौलाना तौकीर रजा खां की गिरफ्तारी पर साईं मंदिर के पुजारी पंडित सुशील पाठक ने खुशी जताई। उन्होंने शनिवार की सुबह कहा था कि अगर मौलाना की गिरफ्तारी नहीं होती तो वह अनशन पर बैठेंगे, लेकिन दोपहर में गिरफ्तारी की जानकारी पर खुशी जाहिर की। कहा कि पुलिस इस कदम से शहर में शांति कायम रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और पुलिस को भी धन्यवाद कहा। 
 
विज्ञापन

6 of 15
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी - फोटो : संवाद
मौलाना शहाबुद्दीन ने की अमन की अपील 
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने लोगों से अमन बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा है कि पैगंबर-ए- इस्लाम से मोहब्बत के इजहार का जो तरीका अपनाया जा रहा है, वो उनकी शिक्षा के खिलाफ है। मौलाना ने यह बात शुक्रवार को हुए विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया में कही। 

 
विज्ञापन

7 of 15
श्यामगंज में जुटी भीड़ (यह तस्वीर शुक्रवार की है) - फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि पैगंबर-ए- इस्लाम ने हमेशा अपने विरोधियों से विवाद नहीं किया, बल्कि विवाद की स्थिति में समझौता किया। पूरी दुनिया तो अमन का पैगाम दिया। उनसे मोहब्बत का तरीका ये है कि उनके बताए हुए रास्ते पर चला जाए। लोग कानून को अपने हाथ में न लें। 

8 of 15
बरेली बवाल: एक मामले में मौलाना तौकीर रजा भी आरोपी बनाए गए हैं। - फोटो : अमर उजाला
बरेली बवाल : मौलाना तौकीर समेत आठ गिरफ्तार, इंटरनेट सेवा बंद
आई लव मोहम्मद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन का आह्वान करने वाले इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां समेत आठ आरोपियों को पुलिस ने शनिवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। एहतियातन जिले में 29 सितंबर की रात 12.30 बजे तक के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प में 22 पुलिस वाले घायल हो गए थे। 

 

9 of 15
डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य - फोटो : अमर उजाला
39 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
इस मामले में पांच थानों में दस मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें 125 लोग नामजद हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने शनिवार को संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार को हुए बवाल के मामले में कोतवाली में पांच, बारादरी में दो, किला, प्रेमनगर और कैंट थाने में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई हैं। 39 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 
 

10 of 15
पुलिस ने लाठीचार्ज कर खदेड़ी थी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
अज्ञात उपद्रवियों को वीडियो फुटेज से किया जा रहा चिह्नित
बवाल में शामिल तीन हजार अज्ञात आरोपियों को वीडियो फुटेज के जरिये चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने सभी आठ आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मौलाना तौकीर को फर्रुखाबाद जिले की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल और अन्य आरोपियों को बरेली सेंट्रल जेल-टू भेजा गया है।

11 of 15
Bareilly Violence - फोटो : अमर उजाला
एसएसपी ने कहा कि पुलिस पर हमले की पहली व बड़ी घटना खलील हायर सेकंडरी स्कूल तिराहे पर हुई। इसमें मौके पर मौजूद राजपत्रित अधिकारियों पर भीड़ ने पत्थर फेंके और पुलिस पर फायरिंग की। यहीं से मौलाना तौकीर के अलावा बाकी सात आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। यहां उपद्रवियों ने दो बाइकों में तोड़फोड़ भी की थी।

 

12 of 15
बरेली में हुए बवाल के दौरान की तस्वीरें - फोटो : अमर उजाला
पर्दे के पीछे से साजिश रच रहे थे कई लोग 
मौलाना तौकीर के बुलावे पर भीड़ के जुटने की बात सार्वजनिक है। मगर, इसके अलावा भी कई लोग पर्दे के पीछे से साजिश रच रहे थे। उनका क्या उद्देश्य था, यह तथ्य भी पुलिस जांच में स्पष्ट करेगी। एसएसपी ने बताया कि खलील हायर सेकंडरी स्कूल के पास से पत्थर, जूते-चप्पल, पुलिस के टूटे बैरिकेड, एक तमंचा, कुछ कारतूस व खोखे, ब्लेड, चाकू और टूटी बोतल मिली हैं। बोतल से पेट्रोल की गंध आ रही थी।
 

13 of 15
कोतवाली में गिरफ्तार बलवे के आरोपी। जेल जाने से पहले की तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
ये सात आरोपी गिरफ्तार
सात अन्य आरोपी मनीफुद्दीन, अजीम अहमद, मोहम्मद शरीफ, आमिर, निहाल, सरफराज पुत्र शमीम, सरफराज पुत्र सलीम।
 

14 of 15
बवाल से पहले लोगों ने किया था प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
ऐसे शुरू हुआ था बवाल
शुक्रवार को भीड़ कथित तौर पर तौकीर द्वारा बुलाए गए एक प्रस्तावित प्रदर्शन को आखिरी समय में रद्द किए जाने से नाराज थी। एसएसपी के अनुसार, रजा के उकसावे पर युवाओं की भीड़ सड़कों पर उत्तर आई, जिससे खलील तिराहा से लेकर इस्लामिया मैदान तक अराजकता का माहौल बन गया। अधिकारी ने बताया कि मौलवी ने शुक्रवार की रात इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के नेता और दोस्त फरहत के घर पर बिताई। हालांकि उनके समर्थकों को बताया गया था कि वह दिल्ली चले गए हैं।

 
विज्ञापन

15 of 15
डीआईजी अजय कुमार साहनी - फोटो : अमर उजाला
एसआईटी करेगी जांच
डीआईजी अजय साहनी ने रूट मार्च के दौरान कहा कि तफ्तीश के लिए विशेष जांच कमेटी (एसआईटी) का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में मौलाना व अन्य आरोपियों पर रासुका भी लगाया जा सकता है। एसएसपी ने कहा कि कोतवाली में दर्ज पांच मामलों की विवेचना सीबीगंज इंस्पेक्टर को दी गई है। साथ ही बारादरी थाने के दोनों मुकदमों की विवेचना इज्जतनगर थाने को सौंपी गई हैं। चूंकि इन मामलों में इंस्पेक्टर ही वादी थे तो विवेचना दूसरी जगह से कराने का नियम है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें