मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को संगमनगरी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जनपद में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों के साथ संगम तट पर महाकुंभ और माघ मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि 2019 के दिव्य और भव्य कुंभ को यूनेस्को द्वारा मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर घोषित किया गया है। 2025 के महाकुंभ से दुनिया भर की अपेक्षाएं जुड़ी हुई हैं। संसार के समक्ष अपने को भारत के नए प्रतीक चिह्न के रूप में प्रस्तुत करने का यह एक स्वर्णिम अवसर है। आगामी कुंभ में दुनिया भारत का सांस्कृतिक वैभव देखगी।
संगम नोज पर किया मां गंगा का पूजन
प्रयागराज दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने सर्व प्रथम वीआईपी घाट पर मां गंगा का पूजन किया। उसके बाद वह संगम नोज पहुंचे, जहां उन्होंने मेलाधिकारी के साथ मेले की तैयारी का पूरा जायजा लिया। वहां से मुख्यमंत्री किला घाट पर बने पक्के घाट का निरीक्षण कर किले के अंदर भी तैयारियों को देखा। इसके बाद वह किला घाट, दशाश्वमेघ घाट के निर्माण कार्य एवं अक्षयवट, पातालपुरी व सरस्वती कूप कॉरिडोर आदि के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।