Prayagraj News : प्रयागराज में तेजी से बढ़ रहा है गंगा-यमुना का जलस्तर।
- फोटो : अमर उजाला।
गंगा की बाढ़ से घिरे दर्जनों गांव
गंगा की बाढ़ की विभीषिका की चपेट में रविवार को पीरदल्लू, झिंगहा, शहजादपुर समेत कई और गांव आ गए। मोती लाल का पूरा व बुद्धू का पूरा, महाराजपुर, नरहा, दादनपुर, अलीमपुर, दानिशपुर, झिंगहा का संपर्क मार्ग पानी में डूब चुका है। रविवार को दादनपुर, नरहा, झिंगहा आदि गांवों से ग्रामीण निकलते रहे। जबकि सिंघापुर, शहजादपुर, मटरू का पूरा आदि गांवों के किनारों पर पानी पहुंच गया है।
इसके साथ ही हजारों एकड़ की फसल डूब गई है। बाढ़ को देखते हुए बिजली विभाग ने इन गांवों विद्युत आपूर्ति ठप कर दी है। शनिवार की देर रात मोती लाल का पूरा, महराजपुर, बुद्धू का पूरा नरहा आदि गांवों के लिए पांच नावें गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। झिंगहा के राम कैलाश पटेल, पीरदल्लू के पन्ना लाल प्रधान कहते हैं कि रेरुआ सुल्तानपुर की सड़क की ऊंचाई बढ़ने से बाढ़ का असर कम है। आशंका है कि सोमवार सुबह तक मकदूमपुर और शहजादपुर चौराहा के साथ ही गुलकइयापुर, भीखपुर में भी बाढ़ का पानी पहुंच जाएगा।