फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लॉकडाउन में खाली हाथों को काम मिला तो खिल उठे चेहरे

Tue, 21 Apr 2020 12:33 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
1 of 2
prayagraj news - फोटो : prayagraj
महीने भर बाद सोमवार को शर्तों के साथ काम शुरू हुआ तो महीने भर से घर बैठे मजदूरों को संजीवनी मिल गई। नमक-आटा जुटाने का रास्ता खुल गया। बीएसएनएल और यूपीपीसीएल, पीडब्ल्यूडी समेत अन्य क्षेत्रों में जिन मजदूरों के खाली हाथों को काम मिला, उनके चेहरे खिल गए। निर्माण कार्यों की छूट मिलने पर घरों के ठप पड़े काम भी लोगों ने शुरू करा दिए। सड़कों और मोहल्लों में खटर-पटर के साथ महीने भर से ठहरे जीवन को एकबारगी रफ्तार मिल गई है।

लॉकडाउन में महीने भर से घर बैठे करेली के मुन्ना जमादार और हनुमानगंज के सुभाष के पास सोमवार की सुबह बीएसएनएल के ठेकेदार की ओर से काम के लिए फोन पर बुलावा आया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सुभाष और मुन्ना फावड़ा, गैंता और खंचिया लेकर निकल पड़े। सुभाष ने बताया कि काम न मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया था। 350 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी तय हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

2 of 2
prayagraj news - फोटो : prayagraj
इसी तरह बिजली विभाग में एलएनटी के अलावा प्रभा इलेक्ट्रानिक्स और अन्य कंपनियों ने 11केवी लाइन के  निर्माण के साथ ही तार-खंभे बिछाने का काम शुरू करा दिया है। इसके लिए शहर से लेकर देहात तक के लिए मजदूरों की कुल 15 गैंग बनाकर पास जारी किए गए हैं। प्रत्येक गैंग में 10-10 मजदूरों को काम दिया गया है। मुख्य अभियंता ओपी यादव के मुताबिक 31 मार्च तक जो काम पूरे होने थे और लॉकडाउन की वजह से नहीं कराए जा सके, उनको शुरू कराया गया है।

इसके अलावा शंकरगढ़, मऊआइमा,हंडिया, मेजा, करछना में भी सौभाग्य योजना के तरह अधूरे पड़े तार-खंभे खींचने के काम शुरू करा दिए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी की प्रयागराज-गोरखपुर फोर लेन सड़क के अलावा प्रांतीय खंड में अधूरे पड़े 40 किमी लंबे संपर्क मार्ग और पीपलगांव-अरावल मार्ग पर भी निर्माण शुरू करा दिया गया है। अधीक्षण अभियंता विपिन कुमार राय ने बताया कि ठेकेदारों के अलावा जेई, एई को निर्देशित किया गया है कि साइट पर सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन किया जाए। बार-बार हाथ धोते रहने और मास्क लगाए रखने की अनिवार्यता का जो पालन नहीं करेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कहीं फास्टैग से तो कहीं मैनुवल टोल वसूली 

एनएचएआई के जिले के सभी नौ टोल प्लाजा पर टोल वसूली आरंभ हो गई है। सोमवार को फास्टैग सिस्टम से वाहनों से टोल वसूली कराई गई। जहां सिस्टम काम नहीं कर रहा था, वहां मैनुअल वाहनों से पथकर वसूली की जा रही है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक एके राय के मुताबिक कोखराज, हंडिया, नवाबगंज, सोरांव, सहसो के अलावा रीवा रोड पर हर्रो, बांदा रोड पर अमरेहा और मिर्जापुर रोड पर मुंगारी के अलावा लालानगर टोल प्लाजा पर पथकर वसूली पूर्व की भांति हो रही है। कोशिश हो रही है कि ज्यादा से ज्यादा माल वाहनों से फास्टैग सिस्टम से ही पथकर वसूली की जाए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें