महानगर के सुरेंद्र नगर की सिंघल सदन के सामने वाली गली में ज्वैलर्स की पत्नी व बेटे की हत्या के बाद शुक्रवार को सराफा बाजार दोपहर 12 बजे तक बंद रखा गया। इसी तरह कस्बा बिजौली का सराफा व आसपास का बाजार भी दिन भर बंद रहा। इधर, सराफा बाजार में व्यापारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के खुलासे को लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन भी किया। वहीं खुलासे के प्रयास में जुटी पांच-पांच टीमों ने नामजद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अभी किसी नतीजे पर पुलिस नहीं पहुंची है। वहीं सीसीटीवी में कैद दोनों हत्यारों के चेहरे उजागर हो गए हैं, जिनके फुटेज भी पुलिस ने जारी कर दिए हैं। साथ में उनकी पहचान बताने पर 50-50 हजार के इनाम की घोषणा की गई है।
मूल रूप से पालीमुकीमुपर के बिजौली निवासी विनोद सराफ के बेटे ललित सराफ अपनी पत्नी बच्चों के साथ करीब एक दशक से यहां सिंघल सदन के सामने वाली गली में रह रहे थे। उनकी सराफा बाजार में राधिका ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। गुरुवार दोपहर उनके घर में घुसकर दो बदमाश उनकी पत्नी शिखा व बेटे दिगवांशु उर्फ गोविंदा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर चले गए। हालांकि घर का माहौल देखने से मसला लूट का लग रहा था। मगर पति की ओर से नौकरी व संपत्ति बंटवारे से जुड़े विवाद में अपनी साली अंजली व उसके होने वाले पति सोमेश चौहान निवासी चंदनिया को संदेह में नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया है। इधर, घटना से एक दिन पहले उनकी दोनों बेटी अपनी बुआ के घर मथुरा गई थीं। इसलिए घर में पत्नी बेटा अकेले थे, तभी बदमाश इस वारदात को अंजाम दे गए।
घटना के बाद गुरुवार रात में ही पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और तड़के शव गांव बिजौली ले जाए गए। जहां शुक्रवार को ग्रामीणों की भीड़ के बीच एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। इसके चलते दिन भर बिजौली कस्बे का सराफा बाजार व आसपास का बाजार शोक में बंद रहा और ललित के घर शोक संवेदना जताने आने वालों की भीड़ लगी रही। इधर, घर पर किसी सदस्य के न होने के कारण सुरेंद्र नगर वाले घर पर ताला लगा रहा। इधर, शुक्रवार सुबह से यहां फूल चौराहा स्थित सराफा बाजार भी बंद रखा गया। दोपहर 12 बजे तक बाजार बंद किया गया। इस दौरान व्यापारियों की ओर से घटना के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन कर खुलासे की मांग भी की। इसके बाद बाजार खुल गया और सामान्य दिनों की तरह चला। इधर, इस मामले में ललित द्वारा नामजद की गई खुद की साली व उसके होने वाले पति को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। अब तक की जांच में यही पाया है कि अपने पिता की नौकरी को लेकर दोनों बहनों में विवाद चल रहा था। देर रात तक पुलिस उनसे पूछताछ को लेकर सामने आई बातों को उजागर नहीं कर पाई थी। हां, सीसीटीवी में कैद पाए गए दोनों हत्यारों की फुटेज जरूर वायरल कर दी गई है।