आगरा में अफसरों के काम करने के तरीके के दो पहलू सामने आए हैं। 13 मई को आए मुख्यमंत्री को जिन रास्तों से गुजरना था, जिन जगहों पर जाना था, वहां 24 घंटे के भीतर सुरत संवार दी गई। एमजी रोड पर रंग रोगन हो गया, पथौली में गलियों साफ कर दी गईं, कूड़ा उठा दिया गया। खेरिया एयरपोर्ट से लेकर नगर निगम तक का नजारा बदल दिया गया। लेकिन शहर में अन्य जगह बदहाल बनी हुई हैं। टेढ़ी बगिया में 15 दिन से लोगों के घरों के सामने नाले का पानी भरा हुआ है लेकिन सुध नहीं ली जा रही। टेढ़ी बगिया में 15 दिनों से भूमिगत नाला चोक होने से उफन रहा है। गंदा पानी 5 गलियों में लोगों के घरों के सामने भर गया है। ईद और अक्षय तृतीया पर घर की दहलीज तक भरे नाले के पानी से लोग परेशान रहे। घर से बाहर निकलने पर उन्हें नाले के पानी से होकर गुजरना पड़ा।