उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में इंस्पेक्टर की पत्नी ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। थाना परिसर में गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। मौके पर जब तक पुलिसकर्मी पहुंचे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। महिला का खून से लथपथ शव मौके पर पड़ा हुआ था। थाना परिसर में मौजूद सरकारी आवास में इंस्पेक्टर की पत्नी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद उस तमंचे को भी कब्जे में ले लिया गया, जिससे गोली मारी गई थी। इस घटना की खबर मिलने के बाद मायका पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की बहन ने इंस्पेक्टर पर ही गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। एसपी ने मामले में इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर जांच बैठा दी है।