आगरा में सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद पुलिस विभाग की नौकरी से इस्तीफा देने वाली सिपाही प्रियंका मिश्रा के समर्थन में अब लोग इंस्टाग्राम पर कमेंट कर रहे हैं। लोग कह रहे है कि आप नौकरी मत छोड़ना, हम आपके साथ हैं। आप शान से नौकरी करिये, जो लोग आपके बारे में कहते हैं, उन्हें कहने दीजिए। बड़ी संख्या में इसी तरह के कमेंट सिपाही को इंस्टाग्राम एकाउंट पर मिल रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
थाना एमएम गेट में तैनात महिला सिपाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वो रिवॉल्वर लिए नजर आ रही हैं। बैकग्राउंड में म्यूजिक भी बज रहा है... 'हरियाणा, पंजाब तो बेकार ही बदनाम हैं आओ कभी उत्तर प्रदेश, रंगबाजी क्या होती है, हम तुम्हें बताते हैं, न गुंडई पर गाना बनाते हैं न गाड़ी पर जाट गुर्जर लिखाते हैं, हमारे यहां पांच-पांच साल के लौंडे कट्टा चलाते हैं...।'