एटा शहर के बीचोंबीच से बदमाशों ने एटीएम काटकर 26 लाख रुपये पार कर लिए। इस मामले में एजेंसी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस एटीएम के कैमरों की सीसीटीवी फुटेज से सुराग मिलने की उम्मीद लगाए बैठी थी। लेकिन बृहस्पतिवार को तकनीकी जानकारी में पता लगा कि ये कैमरे बंद पड़े थे। उधर, एजेंसी की ओर से अधिवक्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया है।
मंगलवार की रात शहर में जीटी रोड स्थित अरुणा नगर गेट पर एक दुकान में संचालित एक्सिस बैंक की एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर बदमाश 26 लाख 5 हजार रुपये चोरी कर ले गए। इस मामले की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। अगर सीसीटीवी कैमरा सही होते तो बदमाशों की पहचान और हरकतें इसमें रिकॉर्ड हो जातीं। लेकिन बैंक और कार्यदायी कंपनी हिताजी की लापरवाही के चलते सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत तक नहीं कराई गई। आसपास के कैमरों में कुछ कारें रात के समय एटीएम के आसपास आकर रुकी हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है। उनसे आए-गए लोगों की भी पहचान करने में पुलिस जुटी है।