दुनिया में मोहब्बत की मिसाल ताजमहल मंगलवार को सर्वधर्म सद्भाव की प्रतीक हिंदुस्तानी चादर से सतरंगी हो गया। मुगल बादशाह शाहजहां के उर्स के आखिरी दिन ताजमहल में धर्मगुरुओं ने 1381 मीटर लंबी हिंदुस्तानी सतरंगी चादर चढ़ाई, जिसे देखने और इसका हिस्सा बनने के लिए बड़ी तादाद में अकीदतमंद और पर्यटक उमड़ पड़े। सर्वधर्म सद्भाव की सतरंगी चादर को मुस्लिम धर्मगुरुओं ने ताजगंज के हनुमान मंदिर से रवाना किया। हिंदुस्तानी चादर चढ़ाने के बाद अकीदतमंदों ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सलामती के लिए दुआ मांगी। उर्स में न केवल सतरंगी, बल्कि फूलों और मोतियों की चादर भी उर्स में आकर्षण का केंद्र बनी रही। मंगलवार को पूरे दिन निशुल्क प्रवेश के कारण ताजमहल में सैलानियों का सैलाब उमड़ पड़ा। सूर्योदय के साथ ही ताजमहल में प्रवेश के लिए पर्यटकों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। एक अनुमान के मुताबिक उर्स के दौरान तीन दिनों में करीब डेढ़ लाख पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया है।