सावन के दूसरा सोमवार पर ब्रज के शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज है। आगरा में भक्तों ने दूसरे सोमवार को प्राचीन बल्केश्वर मंदिर में महादेव के दर्शन किए। यहां भोर से ही भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए उमड़ पड़े। दोपहर 12 बजे तक मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके अलावा कैलाश मंदिर, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, रावली महादेव मंदिर में भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उधर, कृष्ण नगरी मथुरा में महादेव के जयकारे गूंजते रहे। भक्तों ने शिवालयों में जाकर भगवान शिव की पूजा की। फिरोजाबाद, एटा-कासगंज के शिव मंदिरों में भी सुबह से भक्तों की भीड़ रही। इस दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर भक्त लापरवाह दिखे। ज्यादातर बिना मास्क के मंदिर पहुंचे। उचित दूरी का पालन भी नहीं किया। वहीं कई भक्तों ने घरों में रहकर भगवान शिव की आराधना की।