उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक दिन के लिए बेटियों का हुक्म चला। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के 14 थानों में छात्राओं को एक दिन के लिए थानेदार बनाया गया। थाना प्रभारी के रूप में छात्राओं ने जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना। इसके बाद अपने-अपने क्षेत्र में चेकिंग की। इस दौरान थानेदार बनी एक बेटी ने खाकी का फर्ज निभाते हुए अपने पिता का चालान काटा। वह बिना मास्क के चौराहे पर घूम रहे थे। इस कार्रवाई से जहां पुलिसकर्मी हैरान रह गए, वहीं बेटी की कर्तव्यनिष्ठा से पिता को जिम्मेदारी का सबक सिखाया।