आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की आठ मंजिला इमारत में बदइंतजामी से मरीज परेशान हैं। यहां पर सेंट्रल एसी खराब है, सभी विंडो एसी भी कार्य नहीं कर रहे। पंखे भी कम होने से भीषण गर्मी में मरीज बेहाल हैं। मरीजों के लिए उनके तीमारदार घर से पंखे लेकर आ रहे हें। बेड पर ड्रिप स्टैंड भी नहीं है, लिहाजा दीवार पर ड्रिप टांग दी जा रही है।
सर्जरी, हड्डी, ईएनटी रोग विभाग में करीब 300 मरीज भर्ती हैं। बर्न वार्ड में दो एसी लगे हैं, एक एसी खराब है। इससे मरीजों को परेशानी हो रही है। अन्य वार्ड में गंदगी पसरी है। पंखे-कूलर कम होने के कारण कई तीमारदार अपने मरीजों के लिए घर से पंखा लेकर आए। वार्ड और गैलरी में कई जगह से फाल्स सीलिंग भी टूट गई है। प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश शर्मा ने बताया कि बीते दिनों आग की घटना के बाद से इमारत में मरम्मत कार्य चल रहा है। बर्न यूनिट के एसी को ठीक कराने के लिए कहा है। सफाई प्रभारी को भी हिदायत दी है। निगरानी करने के लिए 58 कैमरे लगेंगे, जिसमें से 30 से अधिक लग गए हैं।