आगरा के खंदौली क्षेत्र में बीकॉम छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस मजबूत साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी के कमरे से बाल बरामद हुए हैं। इन्हें विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बनाई गई है। इसकी भी रिपोर्ट आनी है। इसके अलावा पुलिस आरोपी के घर से लेकर शव को फेंके जाने वाले स्थान तक के रास्ते के सीसीटीवी फुटेज देख रही है, यह डिजिटल साक्ष्य के रूप में रखे जाएंगे।
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की छात्रा की 30 मई को हत्या कर दी गई थी। जेलसर रोड पर शव फेंक गया। दूसरे दिन जलती हालत में शव बरामद हुआ। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया। आरोपी खंदौली के नवनीत नगर निवासी आशीष और उसके पिता मुकेश तोमर को जेल भेजा गया। आरोपी आशीष ने पुलिस की पूछताछ में बताया था कि उसने छात्रा को घर बुलाया। दुष्कर्म किया। विरोध पर उसकी हत्या कर दी। शव को 35 घंटे अपने घर में छिपाए रखा। इसके बाद पिता के साथ बाइक से जलेसर रोड पर घर से पांच किलोमीटर दूर फेंक आया था। जलाने का भी प्रयास किया था।