आगरा की पुलिस लाइन में छह महीने का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 97 रिक्रूट सिपाही बन गए । शुक्रवार को एडीजी राजीव कृष्ण ने पासिंग आउट परेड की सलामी ली। इसके बाद सिपाहियों को शपथ दिलाई। इनमें से आगरा में 73, मैनपुरी में 16 और मथुरा में आठ सिपाहियों को तैनाती मिली। सिपाही बनने के लिए आगरा में शामली, सहारनपुर, हापुड़, मेरठ और मुजफ्फर नगर के 102 रिक्रूट का प्रशिक्षण शुरू हुआ था। इनमें से दो ने नौकरी से त्यागपत्र दे दिया, जबकि तीन अनुपस्थित हो गए। इस तरह बचे हुए 97 रिक्रूट को प्रशिक्षण दिया गया । शुक्रवार को प्रशिक्षण पूरा होने पर पासिंग आउट परेड हुई। पासिंग आउट परेड में सोनू बालियान, सौरभ शर्मा और प्रवीण कुमार अपनी-अपनी टुकड़ी के कमांडर बने। इनमें सर्वश्रेष्ठ रिक्रूट मुजफ्फरनगर के निखिल सिंह रहे। एडीजी राजीव कृष्ण ने परेड की सलामी ली। परेड के बाद अधिकारियों ने रिक्रूट को प्रमाणपत्र वितरित किए।