मैनपुरी में घिरोर विकासखंड के वार्ड संख्या 18 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हारने वाली संध्या यादव ने जिला जज की कोर्ट में पुनर्मतगणना के लिए याचिका दायर की है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। न्यायालय ने निर्वाचन अधिकारी से मामले में विस्तृत आख्या मांगी है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजी और पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव की बहन संध्या यादव ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा की ओर से घिरोर ब्लॉक के वार्ड संख्या 18 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। उन्हें सपा प्रत्याशी प्रमोद कुमार ने हराया है। चुनाव हारने के बाद संध्या यादव ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाया था। अब उन्होंने जिला जज की कोर्ट में पुनर्मतगणना कराने के लिए याचिका दायर की है। मंगलवार को याचिका पर सुनवाई की गई। याचिका की सुनवाई कर रही कोर्ट ने याचिका का निस्तारण करने के लिए निर्वाचन अधिकारी से विस्तृत आख्या मांगी है।