सिर पर महिला सिपाही के प्रेम का जुनून सवार होने पर एक युवक ने न केवल अपनी पत्नी व दो मासूम बच्चों की क्रूरता से हत्या कर दी। बल्कि अपने दोस्त की भी हत्या कर दी और अपनी पहचान छिपाकर युवक दिल्ली के मछरोली में रहने लगा। हत्याओं के साढ़े तीन साल के बाद इस सनसनीखेज मामले का खुलासा डीएनए रिपोर्ट आने के बाद हुआ तो परत दर परत मामला खुल गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी, महिला सिपाही सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पुलिस ने पत्नी और बच्चों के शवों के कंकाल बरामद किए हैं जो उसने नोएडा में अपने ही घर में दफन कर दिए थे। पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे ने इस सनसनीखेज खुलासे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 26 अप्रैल 2018 को ढोलना क्षेत्र में कासगंज-मथुरा रेल लाइन पर सिर व हाथ के पंजे कटा एक अज्ञात शव बरामद हुआ था।