पुलवामा हमले में शहीद हुए कौशल रावत का परिवार शासन-प्रशासन की वादाखिलाफी के विरोध में सामूहिक भूख हड़ताल करेगा। हमले में शहीद हुए 12 अन्य जवानों की वीरांगनाएं भी शहीद परिवार के समर्थन में आगरा आएंगी। शहीद की पत्नी का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें गुमराह किया है। तीन जुलाई को जिन मांगों पर एडीएम सिटी ने लिखित में सहमति दी थी उन्हें एक महीने बाद भी पूरा नहीं किया गया है। वहीं, डीएम प्रभु एन सिंह का कहना है कि हमारी तरफ उनकी सभी मांगें पूरी कर दी गई हैं। कोई मांग लंबित नहीं है। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में कौरई निवासी कौशल रावत समेत सेना के 12 जवान शहीद हुए थे। शहीद परिवारों की आर्थिक मदद के लिए शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, पुलिस, विकास समेत विभिन्नि विभागों के कर्मचारियों ने एक-एक दिन का वेतन दिया था।