चिकित्सक को धरती पर भगवान का दूसरा रूप माना जाता है, जो मरीजों को नई जिंदगी देते हैं। आगरा में 'धरती के भगवान' ने नवजात की जान बचाई है। दरअसल, एत्मादपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात महिला चिकित्सक ने प्रसव के बाद नवजात की सांस न चलने पर अपने मुंह से सांस दी और उसकी जिंदगी बचा ली। यह मामला एक मार्च का है। महिला चिकित्सक द्वारा अपने मुंह से नवजात को सांस देने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसे देखकर हर कोई महिला चिकित्सक की सराहना कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक एत्मादपुर के गांव बुर्ज गंगी निवासी खुशबू को प्रसव के लिए एक मार्च को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। सामान्य प्रसव से खुशबू ने बेटी को जन्म दिया। जन्म के कुछ देर बाद नवजात बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी।