फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मजबूत साक्ष्य दिलाएंगे सजा: सचिन हत्याकांड में आगरा पुलिस को न अस्थियां मिलीं न लाश, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

Wed, 30 Jun 2021 04:19 PM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
1 of 7
आगरा: सचिन का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
आगरा में दयालबाग की जयरामबाग कॉलोनी निवासी शीत गृह के स्वामी सुरेश चौहान के इकलौते बेटे सचिन चौहान की हत्या के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया था। अस्थियां विसर्जित की गई थीं। पुलिस को न तो लाश और न ही अस्थियां मिलीं। ऐसे में केस में मजबूत साक्ष्य ही आरोपियों को सजा दिला पाएंगे। इसके लिए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने भी शुरू कर दिए हैं। जिस पानी के प्लांट में हत्याकांड को अंजाम दिया गया, वहां से फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। यहां पर पुलिस को सचिन का एटीएम कार्ड मिला। यह सचिन की हत्या के दौरान संघर्ष में गिर गया होगा। इसके अलावा टीम को फिंगर और फुट प्रिंट भी मिले हैं, जोकि केस में आरोपियों को सजा दिलाने के लिए साक्ष्य बनेंगे। बता दें कि सचिन चौहान 21 जून को घर से बिना बताए निकला था। इसके बाद लापता हो गया था। बाद में पता चला था कि उसका अपहरण किया गया है। पुलिस ने सोमवार को घटना का खुलासा किया था। 
विज्ञापन

2 of 7
सचिन हत्याकांड: परिवार को सांत्वना देने पहुंचे सांसद प्रो.एसपी सिंह बघेल - फोटो : अमर उजाला
सुरेश चौहान के साझीदार लेखराज सिंह के बेटे हर्ष, चीन से लौटकर आए कारोबारी सुमित असवानी, हैप्पी, रिंकू और मनोज को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया था कि दो करोड़ रुपये की फिरौती के लिए सचिन का अपहरण किया गया था। इसके बाद पोइया घाट स्थित बंद पड़े पानी के प्लांट पर ले जाकर हत्या की गई। उसके शव को पीपीई किट में बल्केश्वर घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में अस्थियां भी विसर्जित कर दी थीं। 
 
विज्ञापन

3 of 7
सचिन हत्याकांड: आरोपी मनोज बंसल, सुमित असवानी - फोटो : अमर उजाला
गाड़ी के खराब कवर के नीचे निकला एटीएम
पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने से पहले पानी के प्लांट से साक्ष्य जुटाए। थाना के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र बालियान ने बताया कि फील्ड यूनिट प्लांट पर गई थी। यहां पर पानी की बोतल, गिलास मिले। इन पर फिंगर प्रिंट थे। इन्हें लिया गया। इसके अलावा एक गाड़ी के खराब कवर के नीचे एटीएम कार्ड मिला। यह सचिन का था। गुमशुदगी में पिता ने एटीएम कार्ड का जिक्र किया था। लिखा था कि सचिन जब घर से निकला तो लोअर और टीशर्ट में था। उसके पास एटीएम कार्ड ही था। आशंका है कि जब आरोपी सचिन की हत्या कर रहे होंगे, तब सचिन ने जान बचाने के लिए संघर्ष किया होगा। इस दौरान ही एटीएम कार्ड गिर गया होगा। यह अहम साक्ष्य है। इसके अलावा भी पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। उधर, मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिए गए। 
 

4 of 7
सचिन हत्याकांड: सीसीटीवी में बाइक पर बैठा युवक - फोटो : अमर उजाला
मौके से मिले बालों की होगी फोरेंसिक जांच 
निरीक्षक भूपेंद्र बालियान ने बताया कि आरोपियों को सजा दिलाने के लिए मजबूत साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्लांट से फिंगर और फुट प्रिंट भी लिए गए हैं। यह आरोपियों के अलावा सचिन के हो सकते हैं। वहीं कुछ बाल भी मिले। यह आरोपियों के हो सकते हैं। इन्हें फोरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा। वहीं पुलिस ने श्मशान घाट की रसीद बनाने वाले कर्मचारी और पीपीई किट बेचने वाले दुकानदार के बयान लिए हैं। रसीद भी मिल गई है। पुलिस को सीसीटीवी फुुटेज भी मिलें, जिसमें आरोपी साफ नजर आ रहे हैं। उनकी लोकेशन भी है। यह भी केस में साक्ष्य बनेंगे।  
 
विज्ञापन

5 of 7
सचिन हत्याकांड: पिता सुरेश चौहान को केक खिलाता सचिन (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
मनोज को रिमांड पर लेगी पुलिस 
पुलिस ने बताया कि मनोज सचिन का मोबाइल लेकर इटावा और कानपुर गया था। उसने कानपुर में बस स्टैंड के पास मोबाइल फेंक दिया था। मोबाइल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए मनोज को रिमांड पर लिया जाएगा। उसे टीम कानपुर लेकर जाएगी। उसे रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया जाएगा। 
विज्ञापन

6 of 7
आगरा सचिन हत्याकांड: पकड़े गए आरोपी - फोटो : अमर उजाला
यह साक्ष्य होंगे अहम
- पोइया घाट स्थित पानी के प्लांट से जली हुई सिगरेट, खाली गिलास और पानी की बोतल बरामद की है। इन पर फिंगर प्रिंट भी थे। 
- कमला नगर में जिस मेडिकल स्टोर से पीपीई किट खरीदी, उसके मालिक के बयान। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज। 
- बल्केश्वर घाट पर रवि वर्मा के नाम से रसीद कटवाई गई थी। पता कमला नगर के सरयू विहार का लिखाया था। मगर, यहां कोई रहता नहीं है। पुलिस ने घाट के कर्मचारी के बयान दर्ज किए हैं। लकड़ी बेचने वाले के भी बयान लिए हैं। 
- आरोपियों की कॉल डिटेल। सचिन को घर के बाहर बुलाने के लिए व्हाट्सएप पर कॉल किया गया था। वहीं अन्य आरोपियों ने मोबाइल पर एक दूसरे से बात की होगी। 
- जिस कमरे में हत्या की गई, वहां पर फिंगर और फुट प्रिंट मिले हैं। इन्हें मिलान के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
- प्लांट में कुछ बाल भी मिले हैं। इन बालों का डीएनए कराया जाएगा। आरोपियों के बालों से मिलान कराएंगे। 
- आरोपियों की क्रेटा कार और वैन पुलिस ने बरामद कर ली है। क्रेटा में सचिन को ले जाया गया, वही वैन में शव को लेकर गए थे। 
- एक जगह पर आरोपी साथ में जाते हुए नजर आए हैं। इनका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। यह भी पुलिस के लिए अहम साक्ष्य है। - मनोज सचिन का मोबाइल लेकर बस से इटावा और कानपुर गया था। इसके बाद सचिन का मोबाइल फेंककर आ गया। मोबाइल मिलता है तो अहम साक्ष्य होगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
सचिन हत्याकांड: इकलौते बेटे की हत्या से सदमे में मां - फोटो : अमर उजाला
पिता ने कहा-40 लाख उधारी एक झूठी कहानी
सचिन के पिता सुरेश चौहान का कहना है कि पुलिस की पूछताछ में आरोपी सुमित असवानी ने सचिन पर 40 लाख रुपये उधार होने की बात कही है। मगर, ऐसा नहीं है। बेटे सचिन पर रुपयों की कोई कमी नहीं थी। ऐसे में वो सुमित से रुपये उधार क्यों लेगा। सुमित ने बचने के लिए यह झूठी कहानी बताई है। अगर, उसने कोई उधारी दी थी तो कोई लेने-देन का रिकॉर्ड भी सामने आना चाहिए। इस बारे में पुलिस को गहनता से जांच करनी चाहिए। उनके बेटे का दो करोड़ की फिरौती के लिए अपहरण के बाद हत्या की गई है। बेटे ने कभी उधारी के बारे में भी नहीं बताया था।

आगरा सचिन चौहान हत्याकांड: 21 जून को रची गई हत्या की साजिश, खबर में पढ़िए कब क्या हुआ?
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें