दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए बदायूं के कछला घाट पर गए फिरोजाबाद निवासी छह लोग शुक्रवार को गंगा में डूब गए। दो लोगों को बचा लिया गया, लेकिन चार लोग तेज बहाव में बह गए। शाम तक पुलिस की टीम गोताखोरों की मदद से इन लोगों की तलाश करती रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उधर, नदी में डूबने वाले लोगों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
फिरोजाबाद के नारखी थाने के बछगांव निवासी करीब 15 लोग शुक्रवार दोपहर कछला के गंगा घाट पर दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए गए थे। शाम साढ़े चार बजे यह लोग गहरे पानी में प्रतिमा लेकर पहुंचे। अचानक छह लोग गहरे पानी में डूबने लगे। इस पर इनमें से दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। जबकि 45 वर्षीय दीपक गुप्ता, 35 वर्षीय रामू, 17 वर्षीय कुणाल शर्मा पुत्र ब्रजेश और 15 वर्षीय भोला पुत्र सीके शर्मा गहरे पानी में बह गए।
बदायूं के एसपी सिटी प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि चार लोग गंगा में बह गए हैं। यह लोग गहरे पानी में नहाते वक्त बहे हैं। मूर्ति विसर्जन की पुष्टि नहीं हुई है। तलाश की जा रही है।