फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राधारानी के प्राकट्योत्सव पर बरसाने में दिखा आस्था का अद्भुत संसार, मथुरा तक गूंजी बधाई

Sat, 07 Sep 2019 09:02 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मथुरा
विज्ञापन
1 of 8
राधारानी के दर्शन को उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
श्री राधारानी के प्राकट्योत्सव पर शुक्रवार को पूरे ब्रज में आस्था का अद्भुत संसार दिखाई दिया। ब्रज की महारानी अधिष्ठात्री के प्राकट्योत्सव पर पूरा ब्रजमंडल झूम उठा। मथुरा से बरसाने तक बधाई गायन के साथ राधे-राधे की गूंज रही। राधारानी के गांव रावल में शुक्रवार की सुबह 8.30 बजे श्रृंगार के दर्शन हुए। लाडली को माखन मिश्री, दूध का भोग लगाया गया। बरसाना स्थित लाडली जी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
विज्ञापन

2 of 8
राधारानी मंदिर में भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
हर तरफ राधे-राधे की धूम। नाचते गाते भक्तों की भीड़। बरसाना में राधा अष्टमी पर शुक्रवार को हर तरफ यही हाल था। बड़ी दूर-दूर से भक्त पहुंचे थे। भोर में अभिषेक के दर्शनों के लिए तो मंदिर परिसर में मारामारी रही। मंगला आरती में शामिल होने के लिए देर रात से ही लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए थे। हर तरफ राधे-राधे का जयघोष था। खुशी में खूब उपहार भी लुटाए गए।
विज्ञापन

3 of 8
राधारानी के दर्शन को उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
बरसाना को जाने वाले हर रास्ते पर कई किलोमीटर लंबी भीड़ थी। पैदल निकलने को भी जगह नहीं मिल रही थी। गुरुवार की रात से ही भक्त राधारानी के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए पहुंच गए। तड़के चार बजे राधाजी के जन्म के साथ मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा था। प्राकट्य के बाद अभिषेक किया गया। अभिषेक के दर्शनों को भी भक्त लालायित रहे। 
 

4 of 8
राधारानी के जन्मोत्सव पर झूमते भक्त - फोटो : अमर उजाला
बरसाना के साथ-साथ राधा रानी की क्रीड़ा स्थली श्रीधाम राधाकुंड में बृषभानु दुलारी का जन्मोत्सव पंचामृत अभिषेक, आरती, डोला, फूल बंगला और छप्पन भोग लगाकर मनाया गया। राधा रानी के जन्म की खुशी में हर श्रद्धालु मगन होकर नाच रहा था। लाडली के दर्शन के लिए लालायित रानी कीरत का आंगन बधाई गायन से गुंजायमान हो गया। 
विज्ञापन

5 of 8
रंग बिरंगी रोशनी से जगमगाता राधारानी मंदिर - फोटो : अमर उजाला
राधाकुंड संगम कुंड के साथ ही राधाकुंड में प्राचीन रघुनाथ दास गद्दी की ओर से गोपी नाथ मंदिर, निताई धाम, राधा काला चांद मंदिर, राधा गोविंद मंदिर आदि में राधारानी का जन्म अभिषेक किया गया। गौड़ीय सम्प्रदाय के हजारों साधुओं ने राधाजी के जन्म पर उपवास रखा। राधारानी संगम कुंड गली से राधारानी का ढोला निकाला। श्रद्धालु भजनों पर थिरकते चल रहे थे। 
विज्ञापन

6 of 8
इस्कॉन मंदिर में राधाष्टमी पर राधारानी का पंचामृत से अभिषेक करते भक्तजन - फोटो : अमर उजाला
तीर्थनगरी वृंदावन के विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों में राधारानी का जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिरों में दधिकांधा की भी धूम रही। ठाकुर राधाबल्लभ मंदिर में समाजी राकेश मुखिया के सानिध्य में समाज गायन किया गया। समाजियों ने प्रगट भई वृषभान के आज, सकल तिमिर त्रिभुवन कौ भाज्यौ भवन भान कें संतत राज..., चलौ वृषभान गोप के द्वार, जनम लियौ मोहन हित स्यामा आनन्द निधि सुकुमार... आदि पदों का गायन किया। 
विज्ञापन

7 of 8
बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
श्रीकृष्ण जन्मस्थान के भागवत भवन मंदिर में सुबह श्रीगणेश, श्रीनवग्रह पूजन के बाद श्रीराधा सहस्त्रार्चन का पाठ गुलाब के पुष्पों के मध्य किया गया। आरती के बाद शहनाई, ढोल, झांझ, मंजीरों की धुन पर राधा जी के श्री विग्रह का अभिषेक हुआ। राधा रानी का विशेष श्रृंगार और पोशाक धारण कराई। द्वारिकाधीश मंदिर में राधा जन्मोत्सव की खुशी में मंदिर में नौबत बजी। वहीं वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। 
विज्ञापन

8 of 8
राधारानी के दर्शन को उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
ठाकुर गोपीनाथ मंदिर में श्री राधा जन्मोत्सव के बाद सुबह 9 बजे से बधाई गायन, शाम 5.30 बजे वृंदावन दरवाजे से शोभायात्रा निकाली गई। प्राचीन केशव देव मंदिर में राधा जन्मोत्सव पर सुबह से ही शहनाई वादन शुरु हो गया। राधा रानी का श्रृंगार कर स्वर्ण जड़ित हार तथा राधा रानी को विशेष पोशाक पहना कर चांदी के सिंहासन पर विराजमान किया गया। मंदिर प्रांगण को भव्य फूलों से सजाया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें