फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिरोजाबाद में डेंगू का कहर: हर चार दिन में 15 मरीजों की मौत, डराने वाला है मृतकों का आंकड़ा

Sun, 05 Sep 2021 10:01 AM IST
मुकेश कुमार जितेंद्र पांडेय, अमर उजाला, फिरोजाबाद
विज्ञापन
1 of 5
फिरोजाबाद: वायरल बुखार का प्रकोप - फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले में डेंगू का डंक जानलेवा साबित हो रहा है। मौतों का आंकड़ा डराने वाला है। डेंगू और वायरल से मौतों के आंकड़ों पर गौर करें तो विगत तीन सप्ताह में हर चार दिन में 15 मरीजों की मौत हुई। मरने वालों में अधिकतर बच्चे शामिल थे। जिले में यह स्थिति दिन-प्रतिदनि घातक होती जा रही है। शहर के सौ शैय्या अस्पताल में 400 बीमार बच्चे भर्ती हैं। 
 
डेंगू के पैर पसारने के बाद से सुहागनगरी में किलकारियों के स्वर धीमे पड़ गए हैं। बच्चों की आवाजों से आबाद रहने वाले घरों में आज सन्नाटा है। मौत के झपट्टे ने हाल के त्योहारी सीजन को फीका कर दिया। कान्हा की पोशाकें घरों में धरी रह गईं। डेंगू और बुखार से जिन बच्चों की मौत हुई है, उनके माता-पिता की आंखों के सामने से अपने लाल का चेहरा नहीं हट रहा है। किसी मां की कोख उजड़ गई है तो किसी भाई की कलाई सूनी हो गई है। 
विज्ञापन

2 of 5
बीमार अबोध लेकर भटकते रहे परिजन, नहीं बच सकी जान - फोटो : अमर उजाला
नहीं उबर पा रही सुहागनगरी
कोरोना के बाद से अब तक फिरोजाबाद में बीमारियों का प्रकोप है। पहले कोरोना की दोनों लहर में 135 लोगों की जान गई और अब डेंगू-वायरल ने आम आदमी की जान सांसत में डाल रखी है। हालांकि आंकड़ों को लेकर विरोधाभास की स्थिति है। स्वास्थ्य विभाग के गुरुवार देर रात जारी किए आंकड़ों के मुताबिक अब तक 50 मौत हुई हैं। हालांकि जनप्रतिनिधियों का कहना है कि डेंगू से अब तक 84 लोग जान गवां चुके हैं। 
विज्ञापन

3 of 5
बीमार बेटे को कंधे पर अस्पताल लेकर आया पिता - फोटो : अमर उजाला
मंडलायुक्त को विधायक ने 29 अगस्त को दी थी 46 की मौत की सूची
29 अगस्त को मंडलायुक्त अमित कुमार गुप्ता जिले में आए थे। तब सदर विधायक मनीष असीजा ने मंडलायुक्त को जिले के 46 मृत लोगों के नाम की सूची दी थी। इनकी मौत वायरल और डेंगू से 28 अगस्त तक हुई थी। वहीं स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने ठीक 30 अगस्त को जिले में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 37 लोगों की सूची दी थी। उसके बाद 29 अगस्त से लेकर चार सितंबर तक ही 45 लोगों ने दम तोड़ दिया।

4 of 5
फिरोजाबाद: अस्पतालों में लगातार आ रहे मरीज - फोटो : अमर उजाला
मंडलायुक्त के जाने के बाद जिले में हुई मौतें
29 अगस्त को मौत- 07
30 अगस्त को मौत- 04
31 अगस्त को मौत- 06
01 सितंबर को मौत- 07
02 सितंबर को मौत- 13
03 सितंबर को मौत- 04
04 सिंतबर को मौत- 04

बीमारियों ने ढहाया कहर
कोरोना संक्रमण का पहला केस- एक अप्रैल 2020
कोरोना से जिले में 18 माह में कुल मौत- 135
डेंगू और वायरल फीवर से 21 दिनों में कुल मौत- 83
डेंगू और वायरल से सरकारी आंकड़ों में अब तक मौत- 50
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
सौ शैय्या अस्पताल, फिरोजाबाद - फोटो : अमर उजाला
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) दिनेश कुमार प्रेमी ने बताया कि विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार तीन सितंबर तक 50 मौतें डेंगू और वायरल से हुई है। हालांकि डेंगू का संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में तेजी से फैलता है। इस कारण स्थिति गंभीर हुई। मौत का आंकड़ा जल्द ही कम होगा। आमजन भी जागरूक हों और साफ सफाई का ध्यान रखें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें