कोरोना कर्फ्यू के चलते करीब एक माह से बंद ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के पट मंगलवार से खुल गए। पहले दिन भक्तों ने अपने आराध्य के दर्शन किए। हालांकि प्रदेश सरकार की नई गाइडलाइन के बाद मंदिर प्रबंधन ने भक्तों के लिए ठाकुरजी के द्वार शनिवार और रविवार को बंद रखने का फैसला लिया है। पहले दिन श्रीबांकेबिहारी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। मास्क के बिना प्रवेश नहीं दिया गया। मंदिर परिसर में कोविड गाइड लाइन के तहत प्रवेश दिया गया। भक्तों के हाथों को सैनिटाइज किया गया। वहीं ब्रज में अन्य मंदिरों में भी भक्तों ने अपने आराध्य के दर्शन किए। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर सुबह दर्शनार्थियों की कतार लगी, सभी को स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश दिया गया। अभी द्वारिकाधीश मंदिर को भक्तों के लिए बंद रखा गया है। मंदिर में अंदर ही सेवा चल रही है।