यमुना पुलिन स्थित कुंभ मेला में ब्रज रज उत्सव के हुनर हाट में बृहस्पतिवार की शाम आयोजित अंताक्षरी में कलाकारों के साथ दर्शकों ने भी सहभागिता दिखाई। हुनर हाट में अभिनेता और एंकर अन्नू कपूर ने अंताक्षरी से सभी के दिलों में पुराने दिनों की याद ताजा कर दी। अंताक्षरी में चार सदस्यों की चार टीमें दीवाने, परवाने, मस्ताने और अनजाने ने गीतों की महफिल सजाई। हीरे मोती मैं ना चाहूं मैं तो चाहूं संग तेरा..., मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू...जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, ये भारत देश है मेरा.. गीत पर अन्नू कपूर ने लोगों को अध्यात्म का पाठ पढ़ाया। इसके बाद कलाकारों ने भी एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। दर्शकों ने भी अपनी सहभागिता दिखाते हुए चार चांद लगा दिए। अन्नू कपूर के संचालन का लोगों ने खूब मजा लिया। उन्होंने अपने अंदाज में उर्दू, हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी में कई शेर और व्यंग्य पेश कर तालियां बटोरीं।