धवल सफेद ताजमहल और पीछे नीला आसमान। यह दिलकश नजारा अब फिर सदाबहार होगा क्योंकि दीदार-ए-ताज के वक्त नीली चादर में मोबाइल टावर और ऊंची बिल्डिंग के ‘दाग’ नजर नहीं आएंगे। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने ताजमहल की डेढ़ वर्ग किमी परिधि में नए मोबाइल टॉवर खड़े करने पर रोक लगा दी है जिससे अब पर्यटकों को ताजमहल का वही नीला-सफेद निराला व्यू नजर आएगा।
संगमरमरी ताज की खूबसूरती की दुनिया दीवानी है। पिछले दस साल में इस खूबसूरती में मोबाइल टावर धब्बा बन गए हैं। परिसर के अंदर दक्षिणी चबूतरे से पर्यटक फोटो खींचते तो नीली चादर में टावर नजर आते। जिससे ताजमहल का व्यू खराब हो रहा था। ऐसे में कमिश्नर अमित गुप्ता ने निरीक्षण किया, तो वह चौंक गए।