आगरा में टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने के आरोपी कश्मीरी छात्रों के खिलाफ पुलिस मजबूत साक्ष्य जुटा रही है। व्हाट्सएप स्टेट्स पर डाले गए वीडियो की सीडी बनाई गई है। वही चैटिंग के स्क्रीन शॉट लिए गए हैं। इनकी सीडी बनाकर फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। वहीं लैब से यह भी रिपोर्ट ली जाएगी कि व्हाट्सएप का प्रयोग किस आईपी एड्रेस से हुआ। आरबीएस कॉलेज के इंजीनियरिंग संकाय, बिचपुरी के कश्मीरी छात्र अरशीद यूसुफ, इनायत अल्ताफ शेख और शौकत अली गनी ने पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाया। देश विरोधी गतिविधि भी की। उन्होंने व्हाट्सएप पर स्टेटस डाला था। इसमें कश्मीर को अपना देश बताया था। मामला संज्ञान में आने के बाद तीनों छात्रों को कॉलेज प्रबंधन ने निलंबित कर दिया था। मामले में भाजयुमो पदाधिकारी गौरव राजावत ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें राजद्रोह, साइबर आतंकवाद सहित अन्य धारा लगाई गईं। आरोपी छात्रों को जेल भेजा जा चुका है।