आगरा में ताजपूर्वी गेट मेट्रो स्टेशन पर रविवार को 48वां डबल टी-गर्डर रखते ही गर्डर का काम पूरा हो गया। जिसके बाद एलिवेटेड प्लेटफार्म का लेवल तैयार हो गया है। बसई और फतेहाबाद स्टेशन पर होरिजेंटल बीम भी बन चुके हैं। बसई पर मंगलवार से टी-गर्डर रखने का काम शुरू होगा। ताजनगरी में तेज गति से मेट्रो प्रोजेक्ट का निर्माण जारी है। पहले चरण में फतेहाबाद रोड पर तीन एलिवेटेड स्टेशन ताजपूर्वी गेट, बसई और फतेहाबाद रोड का काम चल रहा है। पहला मेट्रो स्टेशन आकार ले चुका है। रविवार को यहां अंतिम टी-गर्डर रखा गया। जिससे प्लेटफार्म दिखाई देने लगा है। अब प्लेटफार्म पर यू-गर्डर रखे जाएंगे। यू-गर्डर से वायाडक्ट बनेगी जिसमें मेट्रो ट्रेन चलेगी। एक डबल टी-गर्डर का वजन 44 टन है। लंबाई 11.4 मीटर, चौड़ाई 3.7 मीटर और ऊंचाई 1 मीटर है। पहले ये काम शटरिंग लगाकर किया जाता था। जिसके कारण सड़क पर जाम लगता था। आगरा में इसे प्री-कास्ट गर्डर से किया गया है। जिसके कारण सड़क यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।