ताजनगरी की हवा दिवाली से पहले बेहद जहरीली हो रही है। आवासीय क्षेत्र आवास विकास कॉलोनी रेड जोन में आ चुकी है, जबकि शहर के सबसे हरे-भरे दो क्षेत्र ताजमहल और दयालबाग में धूल कणों की मात्रा सामान्य से सात गुना तक अधिक है। यहां हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। इसके उलट व्यावसायिक स्थल संजय प्लेस में धूल कणों की मात्रा सबसे कम दर्ज की गई। शनिवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बोदला क्षेत्र में जल निगम की ओर से की जा रही खोदाई का सर्वे कराया। इसमें धूल कण उड़ते पाए गए और धूल नियंत्रण के उपाय साइट पर नहीं मिले। आगरा का औसत एक्यूआई 252 रहा।
शनिवार को ताजनगरी में सबसे ज्यादा प्रदूषित तीन क्षेत्रों में आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 3, शास्त्रीपुरम और ताजमहल के पास शाहजहां पार्क रहे। तीनों जगह खोदाई और निर्माण कार्य के कारण धूल कणों की मात्रा में इजाफा हुआ है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने स्मार्ट सिटी, मेट्रो, जलनिगम, नगर निगम के अधिकारियों को पानी का छिड़काव और धूल नियंत्रण के उपाय अपनाने के लिए कहा है।