मथुरा के वृंदावन में यमुना तट पर चल रहे 10 दिवसीय ब्रज रज उत्सव में सोमवार की शाम महाभारत नाटक का मंचन किया गया। इस नाटक को टीवी धारावाहिक महाभारत में दुर्योधन की भूमिका निभाने वाले पुनीत इस्सर ने अपनी टीम के साथ प्रस्तुत किया। अभिनेता पुनीत इस्सर द्वारा लिखित व निर्देशित नाटक ‘महाभारत’ में 40 कलाकारों परफॉर्म किया। यह नाटक लयबद्ध संवादों के साथ काव्य रूप में प्रस्तुत किया गया।
भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थली पर महाभारत नाटक का लाइव मंचन देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। हुनर हाट का पूरा पंडाल तालियों से गूंजता रहा। इससे पहले दोपहर में हुनर हाट के सांस्कृतिक मंच पर ब्रज लोक संगीत की लोक गायिका नृत्यांगना डॉ. वंदनाश्री और उनके ग्रुप ने प्रस्तुति दी। इसमें कलाकारों ने यही मेरो कान्हा गुलाब को फूल गीत पर नृत्य से भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ा भूमि ब्रज की महिमा का वर्णन किया।