आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद भवन में अंतरिम बजट को पेश किया है। यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट है। इस दौरान वित्त मंत्री ने कई बड़ी योजनाओं का एलान और उन पर आने वाले खर्च का आवंटन किया। बजट पेश करते हुए निर्मला सीतारमण ने आयुष्मान भारत योजना को लेकर बड़ा एलान किया है। आयुष्मान भारत योजना में अब आशा वर्कर्स और आंगनवाड़ी वर्कर्स को भी शामिल किया जाएगा। बजट आने से पहले कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि सरकार आयुष्मान भारत योजना के बीमा कवर की रकम को पांच लाख रुपये से बढ़ाकर दस लाख रुपये कर सकती है। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं। आयुष्मान भारत योजना भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही एक महत्वाकांक्षी स्कीम है। इस स्कीम के अंतर्गत देश के गरीब लोगों को सरकार पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान कर रही है।