Bhai Dooj 2021 Date And Time Kab Hai Bhai Dooj: यमदेव और मां यमुना के द्वारा निर्मित का पर्व भाईदूज 06 नवंबर, शनिवार को मनाया जा रहा है। यह अद्भुत संयोग है कि इस दिन शनिवार भी है क्योंकि शनिदेव ने भी मां यमुना को वरदान दिया हुआ है कि जो प्राणी शनिवार अर्थात मेरे दिन तुम्हारा दर्शन करेगा उसे शनि की शाढ़ेसाती, ढैया और मारक दशाओं का कुप्रभाव नहीं झेलना पड़ेगा। कुछ इसी तरह का वरदान यमदेव ने भी अपनी बहन यमुना को दिया हुआ है कि जो भी भाई कार्तिक शुक्लपक्ष द्वितीया को अपनी बहन के घर जाकर तिलक कराएगा उसे यमदंड का कष्ट नहीं सहना पड़ेगा। इस दिन बहनें अपने भाईयों के माथे पर चंदन, अक्षत अथवा रोली का तिलक लगाकर उनकी आरती उतारती हैं फिर दाहिने हाथ में कलावा बांधकर गंध, अक्षत और पुष्प से आशीर्वाद देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं कार्य-व्यापार में कामयाबी की कामना करती हैं। भाई को मिष्ठान्न आदि खिलाती हैं उपहार स्वरूप भाई भी बहनों को वस्त्राभूषण देकर उन पर स्नेहवर्षा करते हैं।