हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद पहाड़ों की रानी में बर्फ के दीदार के लिए सैलानी उमड़ने लगे हैं। बुधवार को बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। इस दौरान सैलानियों ने ऐतिहासिक मालरोड, रिज मैदान बर्फ में खूब मस्ती की। सैलानी एक-दूसरे पर बर्फ के गोले फेंकते नजर आए। साथ ही बर्फ में फोटो भी खिंचवाईं। सैलानियों ने रिज पर घुड़सवारी का भी आनंद लिया। वहीं, दूसरी तरफ शिमला-रामपुर राष्ट्रीय मार्ग पर सड़क के किनारे खड़ी गाड़ियां ट्रैफिक जाम का कारण बन रही है।
छराबड़ा से फागू के बीच सड़क से बर्फ हटाकर दोनों तरफ ढेर लगा दिए गए हैं। बर्फ देखने की चाहत लेकर पहुंच रहे सैलानी सड़क के किनारे गाड़ियां खड़ी कर मौज मस्ती कर रहे हैं। इस वजह से वहां पर ट्रैफिक सुचारू करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। हालांकि पुलिस के जवान मौके पर मौजूद है, लेकिन सैलानियों की भारी आवाजाही की वजह से ट्रैफिक नियंत्रण में परेशानी पेश आ रही है।