साल 2023 का पहला सूर्य ग्रहण वैशाख अमावस्या 20 अप्रैल दिन गुरुवार को लग रहा है। साल का यह पहला सूर्य ग्रहण ज्योतिषीय दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा। सूर्य ग्रहण 20 अप्रैल को सुबह 7 बजकर 4 मिनट से शुरू होगा और दोपहर 12 बजकर 29 मिनट पर खत्म होगा। सूर्य ग्रहण का खग्रास 8 बजकर 7 मिनट पर होगा। इस सूर्य ग्रहण की कुल अवधि 5 घंटे 24 मिनट की होगी। ग्रहण के समय सूर्य अपनी उच्च राशि में मेष में रहेंगे, जहां उनके साथ बुध और राहु भी रहेंगे। वहीं इस ग्रहण के दो दिन बाद ही गुरु का राशि परिवर्तन होने जा रहा है। गुरु मेष राशि में आकर सूर्य से संयोग करेंगे। सूर्य और राहु के साथ भी बृहस्पति का कंबीनेशन बनेगा। ऐसे में ज्योतिषीय दृष्टि से साल का पहला सूर्य ग्रहण बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ज्योतिष शोधार्थी एवं एस्ट्रोलॉजी एक विज्ञान रिसर्च पुस्तक के लेखक गुरमीत बेदी ने बताया कि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए इस ग्रहण का सूतक काल नहीं माना जाएगा। यह सूर्य ग्रहण न्यूजीलैंड, फिलीपींस, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण प्रशांत महासागर, चीन, अमेरिका, मलेशिया, जापान, सिंगापुर, थाईलैंड सहित कई देशों में दिखाई देगा।