भारी बारिश और बर्फबारी के तीन दिन बाद सोमवार को मौसम खुलते ही बर्फ से लकदक पहाड़ों की रानी शिमला चांदी की तरह चमक उठी। बर्फ से लदी पहाड़ियां व देवदार के पेड़ हर किसी को आकर्षित कर रहे हैं। कुदरत के इन खूबसूरत नजारों को निहारने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। इस दौरान सैलानियों ने बर्फ में खूब मस्ती की। हालांकि, बर्फबारी के बाद जिलेभर में परिवहन सेवाएं ठप हैं। ऊपरी शिमला को राजधानी से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 05 तीन दिन बाद भी बहाल नहीं हो पाया ।
ढली से छराबड़ा, कुफरी, फागू तक सड़क बहाल न होने के कारण ठियोग, कोटखाई, रोहड़ू, चौपाल, नेरवा, नारकंडा, कुमारसैन और किंगल का शिमला से सड़क संपर्क टूटा हुआ है। जिलेभर में एचआरटीसी के 146 रूट फेल हो गए। शिमला-मशोबरा सड़क बंद होने के कारण सुन्नी, बसंतपुर, तत्तापानी और करसोग के लिए शिमला से बस सेवा दो दिन से बंद है। सोमवार को एचआरटीसी ने शिमला से रामपुर, रिकांगपिओ के लिए वाया धामी एक बस भेजी। शिमला से रोहड़ू के लिए बस सेवा पूरी तरह बंद होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रोहड़ू के लिए वाया विकासनगर वैकल्पिक मार्ग से सोमवार को बस नहीं भेजी गई।