पति की लंबी आयु, सौभाग्य, समृद्धि और सुखी जीवन की कामना के लिए बुधवार को सुहागिनों ने करवा चौथ का व्रत रखा। हिमाचल प्रदेश में सुहागिनों ने करवाचौथ का त्योहार धूमधाम से मनाया। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर रात को हजारों महिलाओं ने चांद का दीदार कर करवाचौथ का व्रत खोला और पूजा-अर्चना की। रिज मैदान पर सुहागिनों का मेला सज गया। सुहागिनों ने पति की दीर्घायु की दुआएं मांगीं।
रिज मैदान पर सुहागिनों ने करीब 8:16 बजे चांद निकलते ही छलनी से चांद को देखने के बाद पति का दीदार किया। पति के हाथों पानी पीकर सुहागिनों ने व्रत खोला। साथ ही पति के साथ सेल्फी लेकर इन पलों को अपने मोबाइल में कैद किया। देर रात तक मालरोड और रिज मैदान पर जश्न का माहौल रहा। माना जाता है कि शिमला शहर में रिज मैदान ऐसी जगह है, जहां सबसे पहले चांद दिखाई देता है, इसलिए शहर के उपनगरों से भी महिलाएं यहां व्रत खोलने पहुंची थीं।