जेईई मेन के परिणाम में देवभूमि हिमाचल के मेधावी भी चमके हैं। मेधावियों ने दिनरात मेहनत कर यह मुकाम पाया है। गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा साहिब के मेधावी छात्र रियान गुप्ता ने जेईई मेन-2 में हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। रियान को इस परीक्षा में 99.9 परसेंटाइल के साथ आल इंडिया स्तर पर 914वां रैंक मिला है। चिकित्सक माता-पिता की इकलौती संतान ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में न जाकर इंजीनियरिंग को अपना लक्ष्य बनाया है। रियान ने इस सफलता का श्रेय परिजनों व शिक्षकों के बेहतरीन मार्गदर्शन को दिया है। रियान ने 12वीं तक की पढ़ाई गुरु नानक मिशन स्कूल से की है। उनके पिता डॉक्टर सुधी गुप्ता व मां डॉक्टर अमिता गुप्ता सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में सेवाएं दे रहे हैं। माता-पिता का कहना है कि उनके बेटे ने अपना लक्ष्य खुद चुना है। उन्होंने कहा कि बेटे की इस सफलता पर उन्हें नाज है।
कितने घंटे पढ़ रहे, फर्क नहीं पड़ता, बस लक्ष्य निर्धारित हो
जेईई मेन में प्रदेश के टॉपर रियान गुप्ता ने कहा कि दिन-रात कितने घंटे अध्ययन करना है, इससे फर्क नहीं पड़ता। बस अपने निर्धारित लक्ष्य और कार्य को समय पर पूरा करना जरुरी है। बोर्ड परीक्षाओं के साथ उन्होंने जेईई की तैयारी पर भी अपना पूरा फोकस किया था। रियान ने जेईई मेन में प्रथम प्रयास में 99.6 परसेंटाइल हासिल किए थे। अब जेईई मेन-2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 99.9 परसेंटाइल लेकर प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल किया। अब वह जेईई एडवांस के लिए पूरा ध्यान केंद्रित कर तैयारियां में जुटे हैं। रियान गुप्ता ने अपनी सफलता के लिए परिजनों, स्कूल स्टाफ और देहरादून कोचिंग सेंटर प्रबंधन को श्रेय दिया है। इधर, गुरु नानक मिशन स्कूल पांवटा के निदेशक जीएस सैनी और प्रधानाचार्य देविंद्र कौर साहनी ने कहा कि रियान गुप्ता ने संस्थान का नाम चमकाया है। इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं।